SARGUJA NEWS. छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुर गांव में मोबाइल की पुरानी बैटरी में हुए अचानक विस्फोट की चपेट में आने से एक वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ब्रह्मपुर निवासी महेंद्र सिंह नेताम का एक वर्षीय पुत्र आदित्य सिंह 31 मई की शाम अपने भाई-बहनों और अन्य बच्चों के साथ घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान बच्चों को कहीं से मोबाइल की एक पुरानी और खराब बैटरी मिल गई। खेल-खेल में बैटरी से छेड़छाड़ के दौरान शाम करीब 5 बजे उसमें अचानक जोरदार विस्फोट हो गया।

विस्फोट इतना तेज था कि आदित्य गंभीर रूप से झुलस गया। उसके चेहरे, सीने, पेट और हाथों पर गहरी चोटें आईं। परिजन तत्काल उसे प्रेमनगर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सूरजपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया।

हालत में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। वहां इलाज के दौरान 1 जून की सुबह लगभग 4 बजे मासूम ने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही प्रेमनगर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया। बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा दुर्घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

यह हादसा इलेक्ट्रॉनिक कचरे और खराब बैटरियों से बच्चों को दूर रखने की आवश्यकता को एक बार फिर उजागर करता है।



































