JHANSI NEWS उत्तरप्रदेश : झांसी में शादी के महज 15 महीने बाद एक महिला फंदे पर लटकी मिली। मौत से पहले उसने अपने पिता को फोन किया था, लेकिन पिता फोन नहीं उठा पाए। करीब 6 घंटे बाद जब पिता उठे और वापस कॉल किया तो उन्हें बेटी की मौत की सूचना मिली। पिता परिवार के साथ ससुराल पहुंचे, लेकिन पति और पूरा ससुराल परिवार फरार हो चुका था।

पिता ने दावा किया कि बेटी के दोनों पैर बिस्तर पर थे और शरीर बैठने वाली मुद्रा में था। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने बेटी की हत्या कर दी और बाद में फंदे पर लटका कर आत्महत्या का मामला बनाने की कोशिश की। वे 5 लाख रुपये दहेज मांग रहे थे। पति और 4 अन्य के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया है। यह घटना 1 जून को समथर कस्बे में हुई, जो जिला मुख्यालय से 74 किमी दूर है।

नवाबाद थाना क्षेत्र के पीचोर निवासी और किराना दुकानदार विनोद कुमार मिश्रा ने बताया, “मैंने अपनी इकलौती बेटी प्रिया (26) की शादी समथर के न्यू बस्ती निवासी भारत व्यास के साथ 14 फरवरी 2025 को की थी। मैंने अपनी क्षमता से ज्यादा दहेज दिया था।” भारत मेडिकल स्टोर चलाता है और शादी गार्डन किराए पर भी देता है। शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल वाले प्रिया को दहेज के लिए परेशान करने लगे। उन्होंने पैसे की मांग की। पिता ने तीन किस्तों में 5 लाख रुपये नकद और 2.5 लाख रुपये ऑनलाइन दिए। सभी रिकॉर्ड उपलब्ध हैं। फिर भी वे दोबारा 5 लाख रुपये मांग रहे थे।

पिता ने बताया, “रविवार रात करीब 11 बजे मैंने बेटी से बात की थी। वह सामान्य बात कर रही थी। हम सो गए। रात करीब 1:30 बजे उसने फिर फोन किया। मैं गहरी नींद में था और फोन नहीं उठा पाया। सुबह जब उठा तो मिस्ड कॉल देखा और वापस कॉल किया। उसने जवाब नहीं दिया। मैंने करीब 20 बार कॉल किया। फिर दामाद को फोन किया। उसने कहा कि वह सो रही होगी। बाद में उसने बताया कि उसने फांसी लगा ली है।”

फांसी लगने की सूचना मिलते ही पिता ने पुलिस को सूचित किया और समथर पहुंच गए। पहुंचने पर पति और सारे ससुराल वाले भाग चुके थे। पुलिस मौजूद थी। बॉडी पंखे से लटकी थी, लेकिन दोनों पैर बिस्तर पर थे और शरीर बैठने की मुद्रा में था। शरीर हवा में नहीं लटका था। पिता का आरोप है कि हत्या करके आत्महत्या का नाटक रचा गया। फॉरेंसिक टीम ने जांच की। बाद में पुलिस ने शव उतारा।

पिता ने बताया “हमने केस दर्ज करा दिया है। प्रशासन से मांग करते हैं कि दहेज के लोभी लोगों को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शा जाए। अगर हमारी मांग नहीं मानी गई तो मैं खुद कानून हाथ में लेकर उन्हें सजा दूंगा, भले ही मुझे फांसी हो जाए।” शाम को पोस्टमॉर्टम हुआ। परिवार मायके ले गया। महिलाएं रो-रो कर बुरा हाल थीं। रात में मायके वालों ने अंतिम संस्कार किया।
समथर थाना प्रभारी अतुल कुमार ने बताया, “पिता की शिकायत पर पति भारत व्यास, देवर उदय व्यास, सास रोहिणी व्यास, चाचा राजेश व्यास और मौसी के खिलाफ दहेज हत्या समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। सभी आरोपी फरार हैं। जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”




































