BEMETARA NEWS. बेमेतरा विधायक दीपेश साहू ने अपनी शादी को सामाजिक सरोकार और ग्रामीण संस्कृति से जोड़ते हुए सादगीपूर्ण विवाह की मिसाल पेश की। उन्होंने तरुणा साहू के साथ मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में विवाह बंधन में प्रवेश किया।

विवाह से पूर्व विधायक की बारात पारंपरिक बैलगाड़ी में निकाली गई, जिसने पूरे आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया। बारात में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव सहित कई मंत्री और जनप्रतिनिधि बाराती के रूप में शामिल हुए। सामूहिक विवाह होने के बावजूद समारोह में पारंपरिक शादी जैसा उत्साह और उल्लास देखने को मिला। घराती और बाराती पूरे जोश के साथ आयोजन में सहभागी बने।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह समेत राज्य सरकार के कई मंत्री भी समारोह में शामिल होने पहुंचे। विधायक दीपेश साहू ने आधुनिक और भव्य आयोजनों की बजाय अपनी शादी को सामाजिक संदेश और भारतीय परंपराओं से जोड़ने का निर्णय लिया।

सामूहिक विवाह समारोह में विधायक दंपति के अलावा 24 अन्य जोड़ों ने भी सात फेरे लेकर वैवाहिक जीवन की शुरुआत की। आयोजन को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन और स्थानीय स्तर पर व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं।

विधायक दीपेश साहू ने बताया कि उन्होंने पहले ही तय कर लिया था कि उनका विवाह ग्रामीण संस्कृति और पारंपरिक मूल्यों के अनुरूप होगा। इसी सोच के तहत बैलगाड़ी से बारात निकालकर उन्होंने सादगी, संस्कृति और सामाजिक समरसता का संदेश देने का प्रयास किया।



































