KATHMANDU NEWS. नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने भारत-नेपाल सीमा विवाद को लेकर एक बड़ा और चौंकाने वाला बयान दिया है। रविवार को नेपाली संसद को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि केवल भारत ने ही नेपाली क्षेत्र पर कब्जा नहीं किया है, बल्कि नेपाल ने भी कुछ भारतीय इलाकों पर कब्जा कर रखा है। प्रधानमंत्री पद संभालने के करीब दो महीने बाद पहली बार संसद पहुंचे शाह ने सांसदों के सवालों के जवाब में यह टिप्पणी की।

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, प्रधानमंत्री बालेन शाह ने कहा कि पद संभालने के बाद उन्हें सीमा विवाद से जुड़ी कई आधिकारिक जानकारियां मिलीं। उन्होंने भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से चले आ रहे सीमा विवाद की निष्पक्ष और संयुक्त जांच की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि दोनों देशों को मिलकर तथ्यों की गंभीरता से समीक्षा करनी चाहिए।

लिपुलेख-लिम्पियाधुरा विवाद पर कूटनीतिक समाधान की बात
भारत, नेपाल और चीन से जुड़े लिपुलेख तथा लिम्पियाधुरा क्षेत्र का उल्लेख करते हुए शाह ने कहा कि विवाद का समाधान केवल कूटनीतिक वार्ता से संभव है। उन्होंने बताया कि नेपाल इस मुद्दे पर भारत को राजनयिक नोट भेज चुका है और भारत की ओर से जवाब भी प्राप्त हुआ है।

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि सीमा विवाद का ऐतिहासिक संबंध ब्रिटिश शासनकाल से जुड़ा है। इसी कारण नेपाल ने इस विषय पर भारत और चीन के अलावा ब्रिटेन से भी बातचीत शुरू की है, ताकि ऐतिहासिक दस्तावेजों और सीमांकन संबंधी तथ्यों की समीक्षा की जा सके।

सत्ता परिवर्तन के बाद रिश्तों में बढ़ी तल्खी की चर्चा
नेपाल में 5 मार्च 2026 को हुए राजनीतिक बदलाव के बाद बालेन शाह ने प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली थी। उनके नेतृत्व में भारत-नेपाल संबंधों को लेकर नई राजनीतिक बहस देखने को मिल रही है। संसद में विपक्ष लगातार प्रधानमंत्री से सीमा और विदेश नीति जैसे मुद्दों पर स्पष्ट रुख रखने की मांग कर रहा था।

मेयर रहते ‘ग्रेटर नेपाल’ नक्शे को लेकर रहे चर्चा में
काठमांडू के मेयर रहते बालेन शाह अपने कार्यालय में कथित ‘ग्रेटर नेपाल’ नक्शा लगाए जाने को लेकर चर्चा में रहे थे। इस नक्शे में भारत के कुछ हिस्सों को नेपाल का भाग दर्शाए जाने का दावा किया गया था, जिसे लेकर विवाद भी हुआ था। प्रधानमंत्री के ताजा बयान के बाद भारत-नेपाल संबंधों और सीमा विवाद पर राजनीतिक व कूटनीतिक चर्चाएं तेज होने की संभावना जताई जा रही है।



































