ललितपुर : Lalitpur News उत्तरप्रदेश के ललितपुर जिले के महरौनी मार्ग स्थित ग्राम सिलावन में शुक्रवार को एक पूर्व प्रधान की मोटरसाइकिल की डिग्गी से 7 लाख रुपये से भरा बैग चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, कोतवाली महरौनी क्षेत्र के ग्राम पड़वा निवासी पूर्व प्रधान तेज सिंह राजू शुक्रवार दोपहर सेंट्रल बैंक से 7 लाख रुपये निकालकर अपनी मोटरसाइकिल की डिग्गी में रखकर ललितपुर की ओर जा रहे थे। रास्ते में ग्राम सिलावन के पास रुकने पर उन्हें डिग्गी खुली मिली। जांच करने पर पता चला कि रुपयों से भरा बैग गायब था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बैंक सहित आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। जांच के दौरान फुटेज में दो संदिग्ध युवक चेहरे पर तौलिया बांधे हुए पूर्व प्रधान का पीछा करते नजर आए। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि इनमें से एक युवक ने रास्ते में चलते समय मोटरसाइकिल की डिग्गी का लॉक खोलने की कोशिश की थी।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने सुनसान स्थान का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। उल्लेखनीय है कि इसी सेंट्रल बैंक परिसर में 17 मार्च को भी सिंदवाहा निवासी लखन तिवारी के 2.40 लाख रुपये टप्पेबाजी कर चोरी कर लिए गए थे, जिसका अब तक खुलासा नहीं हो सका है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी रक्षपाल सिंह, कोतवाली प्रभारी राजा दिनेश सिंह और इंस्पेक्टर निर्भर चंद्र मौके पर पहुंचे। पुलिस संदिग्ध युवकों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है।



































