उत्तर प्रदेश:झांसी के सीपरी बाजार क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां कार खरीदने के बहाने आए एक युवक ने टेस्ट ड्राइव के दौरान लाखों रुपये कीमत की XUV 500 लेकर फरार हो गया। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है और पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार, नंदनपुरा निवासी दयासागर साहू सेकेंड हैंड कारों का कारोबार करते हैं। उनकी दुकान पर बिक्री के लिए एक XUV 500 खड़ी थी। शुक्रवार सुबह एक युवक उनकी दुकान पर पहुंचा और खुद को मध्य प्रदेश के दतिया का निवासी बताया। उसने गाड़ी को बारीकी से देखा, उसकी कीमत और अन्य जानकारियां लीं तथा टेस्ट ड्राइव की इच्छा जताई।

युवक के व्यवहार पर किसी को संदेह नहीं हुआ, इसलिए दयासागर साहू ने अपने बेटे रोशन साहू को उसके साथ भेज दिया। टेस्ट ड्राइव के दौरान युवक खुद वाहन चला रहा था। रास्ते में उसने कहा कि गाड़ी में डीजल कम है और पहले ईंधन भरवा लेना चाहिए।

दोनों बाईपास स्थित एक पेट्रोल पंप पर पहुंचे, जहां 500 रुपये का डीजल डलवाने की बात हुई। रोशन साहू वाहन से उतरकर पेट्रोल पंप कर्मचारी के साथ डीजल भरवाने लगे। इसी दौरान करीब 300 रुपये का डीजल भरते समय युवक ने अचानक गाड़ी दौड़ा दी और XUV 500 लेकर मौके से फरार हो गया। घटना इतनी तेजी से हुई कि पेट्रोल पंप कर्मचारी के हाथ में डीजल का नोजल ही रह गया और वाहन देखते ही देखते ओझल हो गया।

रोशन साहू ने शोर मचाकर लोगों से मदद की गुहार लगाई, लेकिन तब तक आरोपी रक्सा-शिवपुरी रोड की ओर भाग चुका था। पूरी घटना पेट्रोल पंप, कार बाजार और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई, जिनमें आरोपी युवक का चेहरा स्पष्ट दिखाई दे रहा है।

घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पीड़ित परिवार ने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध करा दिए हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी हुई है।
पीड़ित रोशन साहू का कहना है कि युवक ने खुद को दतिया का निवासी बताया था और गाड़ी खरीदने में गंभीर रुचि दिखा रहा था। इसी वजह से किसी को उस पर शक नहीं हुआ। हालांकि, उसने टेस्ट ड्राइव का बहाना बनाकर लाखों रुपये कीमत की XUV 500 पर हाथ साफ कर दिया।



































