AMBIKAPUR NEWS. सीतापुर से भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो पर नायब तहसीलदार के साथ मारपीट का आरोप लगने के बाद प्रदेशभर में विवाद गहरा गया है। विधायक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ के 500 से अधिक तहसीलदार शुक्रवार को हड़ताल पर चले गए हैं। रायपुर, रायगढ़ और सरगुजा सहित कई जिलों में राजस्व कार्य प्रभावित हुए हैं।

मामला सरगुजा जिले के मैनपाट स्थित राजापुर उप तहसील का है। यहां पदस्थ नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों पर मारपीट का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर विधायक समेत 10 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं विधायक की बहन सीमा धनकी की शिकायत पर नायब तहसीलदार तुषार मानिक के खिलाफ भी मामला दर्ज हुआ है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा है कि वे स्वयं गिरफ्तारी देने थाने जा रहे हैं। उन्होंने समर्थकों से किसी तरह का जमावड़ा नहीं करने की अपील करते हुए कहा कि यह सुशासन की सरकार है, जहां उनके खिलाफ FIR दर्ज हुई है तो वे कानून का सम्मान करते हुए गिरफ्तारी भी देंगे।

जानकारी के अनुसार, विधायक की चचेरी बहन सीमा धनकी ने जमीन संबंधी शाख शोध पत्र बनवाने के लिए 14 मई को आवेदन दिया था। आरोप है कि कई दिनों तक काम नहीं होने पर जब वे 27 मई को राजापुर उप तहसील कार्यालय पहुंचीं और फाइल पर हस्ताक्षर करने की बात कही तो नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया और उन्हें कार्यालय से बाहर जाने को कहा।

इसकी जानकारी मिलने पर विधायक समर्थकों के साथ उप तहसील पहुंचे। आरोप है कि शाम को नायब तहसीलदार तुषार मानिक और एसडीएम फागेश सिन्हा को वापस राजापुर बुलाया गया, जहां बहस के दौरान विधायक समर्थकों ने नायब तहसीलदार के साथ मारपीट की। बीच-बचाव के बाद एसडीएम उन्हें वहां से लेकर रवाना हुए।
नायब तहसीलदार तुषार मानिक की शिकायत पर विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा और मारपीट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। वहीं विधायक की बहन की शिकायत पर तुषार मानिक के खिलाफ महिलाओं से जुड़े अपराध, अभद्रता और आपराधिक धमकी की धाराओं में एफआईआर हुई है।

फिलहाल यह मामला राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
500 tehsildars on strike, 500 से अधिक तहसीलदार शुक्रवार को हड़ताल पर, Ambikapur News, assaulting a deputy tehsildar, BJP MLA accused, Chhattisgarh News, demanding his arrest, tirandaj.com, tirandaj.com top 10 news web site, नायब तहसीलदार के साथ मारपीट का आरोप, प्रदेशभर में विवाद गहरा गया, विधायक की गिरफ्तारी की मांग, सीतापुर से भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो


































