NEW YORK NEWS. न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी ने ईरान के साथ जारी युद्ध को लेकर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे तत्काल समाप्त करने की मांग की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर जारी अपने बयान में उन्होंने कहा कि इस संघर्ष की सबसे बड़ी कीमत आम नागरिक चुका रहे हैं, जबकि इस फैसले में उनकी कोई भूमिका या आवाज नहीं थी।

ममदानी ने युद्ध को एक लापरवाह फैसले का परिणाम बताते हुए कहा कि हजारों निर्दोष लोगों की जान जा चुकी है और इसका दुष्प्रभाव अब समाज तथा अर्थव्यवस्था दोनों पर दिखने लगा है। उन्होंने कहा कि अब वक्त आ गया है कि इस युद्ध को रोका जाए और शांति की दिशा में गंभीर प्रयास किए जाएं।

जिस जंग के लिए किसी ने वोट नहीं दिया, उसमें जा रही जानें
अपने बयान में मेयर ममदानी ने कहा, “आज से तीन महीने पहले एक ऐसा युद्ध शुरू हुआ था, जिसके पक्ष में किसी ने वोट नहीं दिया था। लेकिन इसकी सबसे भयावह कीमत वे लोग चुका रहे हैं जिनकी इस फैसले में कोई आवाज नहीं थी।” उन्होंने दावा किया कि संघर्ष में हजारों निर्दोष नागरिक मारे जा चुके हैं, जबकि 13 अमेरिकी सैनिक भी जान गंवा चुके हैं, जो अब कभी अपने परिवारों तक नहीं लौट सकेंगे।

महंगाई और बजट पर असर का दावा
मेयर ने कहा कि युद्ध का असर केवल संघर्ष क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि अमेरिका के आम परिवारों पर भी इसका सीधा प्रभाव पड़ रहा है। उनके मुताबिक पेट्रोल, डीजल और खाद्य वस्तुओं की कीमतों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है, जिससे मध्यम और कामकाजी वर्ग का घरेलू बजट बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

संसद की मंजूरी बिना युद्ध शुरू करने का आरोप
ममदानी ने अमेरिकी प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इस युद्ध को संसद (कांग्रेस) की मंजूरी के बिना आगे बढ़ाया गया। उन्होंने कहा कि विदेशों में जाने वाली हर निर्दोष जान और अमेरिका में परिवारों पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ एक गलत और जल्दबाजी में लिए गए फैसले का परिणाम है।
मेयर का बड़ा बयान
विदेश में जाने वाली हर एक बेकसूर की जान और अमेरिका में आम परिवारों पर पड़ने वाला हर आर्थिक बोझ, महज एक लापरवाह फैसले की कीमत है।




































