WASHINGTON NEWS. अमेरिका में शनिवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब White House के पास एक हथियारबंद व्यक्ति ने सुरक्षा चौकी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। घटना अमेरिकी समयानुसार शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आरोपी ने बैग से हथियार निकालकर अचानक गोलीबारी शुरू कर दी, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। अमेरिकी United States Secret Service के अनुसार घटना 17वीं स्ट्रीट और पेंसिल्वेनिया एवेन्यू के पास हुई।

फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इस दौरान करीब 30 राउंड फायरिंग हुई। सीक्रेट सर्विस ने तुरंत जवाबी कार्रवाई करते हुए संदिग्ध को गोली मार दी। घायल हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एजेंसी ने बताया कि घटना में उसके किसी अधिकारी को चोट नहीं आई। फायरिंग के दौरान एक राहगीर भी गोली लगने से घायल हो गया।

अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि उसे हमलावर की गोली लगी या जवाबी कार्रवाई के दौरान चली गोली से वह घायल हुआ। मामले की जांच जारी है। सीक्रेट सर्विस ने पुष्टि की है कि घटना के समय अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump व्हाइट हाउस के अंदर मौजूद थे। हालांकि इस घटना से उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचा। Federal Bureau of Investigation के निदेशक Kash Patel ने सोशल मीडिया पर बताया कि एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं और लगातार हालात पर नजर रखी जा रही है।

वहीं Metropolitan Police Department ने लोगों से इलाके से दूर रहने की अपील की है। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी है। जिस इलाके में यह फायरिंग हुई, वहां पिछले साल नवंबर में भी हमला हुआ था। तब वेस्ट वर्जीनिया नेशनल गार्ड के दो जवानों पर गोलीबारी की गई थी, जिसमें विशेषज्ञ सारा बेकस्ट्रॉम की मौत हो गई थी और एंड्रयू वुल्फ गंभीर रूप से घायल हुए थे।

ट्रंप पर हमले की कोशिश के बाद बढ़ी सुरक्षा
यह घटना ऐसे समय हुई है, जब हाल ही में Donald Trump पर कथित हमले की कोशिश का मामला सामने आया था। इसके बाद से व्हाइट हाउस और राष्ट्रपति की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है।



































