RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव की चर्चाओं के बीच पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश नेतृत्व को लेकर चल रही बयानबाजी से खुद को अलग रखने का संकेत दिया है। पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया मांगे जाने पर उन्होंने दो टूक कहा कि वे सिंहदेव के किसी भी बयान पर प्रतिक्रिया नहीं देते। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर जारी चर्चाओं के बीच भूपेश बघेल ने मौजूदा अध्यक्ष दीपक बैज के कामकाज का समर्थन करते हुए कहा कि पार्टी पिछले कई वर्षों से उनके नेतृत्व में संगठित तरीके से काम कर रही है।

उन्होंने साफ किया कि प्रदेश अध्यक्ष या नेता प्रतिपक्ष जैसे पदों पर निर्णय लेना पार्टी हाईकमान का अधिकार है और वही अंतिम फैसला करेगा। प्रेसवार्ता के दौरान भूपेश बघेल ने राजनीति में युवाओं की बढ़ती भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मौजूदा दौर Gen-Z का है और यह पीढ़ी लोकतंत्र तथा सामाजिक मुद्दों को लेकर पहले से ज्यादा जागरूक है।

सोशल मीडिया के प्रभाव का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि आज कुछ ही दिनों में करोड़ों लोगों तक पहुंच बनाई जा सकती है, जो नई पीढ़ी की ताकत दिखाता है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार युवाओं को संगठन में आगे लाने की बात कर रहे हैं। आगामी संगठन चुनावों में भी युवा चेहरों को जिम्मेदारी मिलने की संभावना जताई जा रही है।

पूर्व सीएम के मुताबिक मुताबिक युवा कांग्रेस आने वाले समय में पार्टी की सबसे अहम ताकत बनकर उभरेगी। भूपेश बघेल ने प्रेसवार्ता में केंद्र सरकार की नीतियों पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव बढ़ रहा है और मीडिया समेत कई वर्ग खुलकर अपनी बात नहीं रख पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश आर्थिक दबाव और महंगाई की चुनौती से जूझ रहा है।

उन्होंने पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि लगातार महंगाई बढ़ने से आम लोगों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। इसके साथ ही उन्होंने छत्तीसगढ़ में बिजली व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि लगातार बढ़ रही बिजली संबंधी परेशानियों से लोग प्रभावित हो रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में देश की राजनीति और लोकतंत्र को मजबूत करने में युवाओं की भूमिका सबसे निर्णायक रहने वाली है।



































