NEW DELHI NEWS. भारतीय चुनाव आयोग ने 10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। इन सीटों पर मतदान 18 जून 2026 को होगा। ये चुनाव उन सांसदों की जगह नए सदस्यों के चयन के लिए कराए जा रहे हैं, जिनका कार्यकाल जून और जुलाई 2026 में समाप्त हो रहा है। राज्यसभा चुनाव की अधिसूचना 1 जून को जारी की जाएगी।

चुनाव आयोग के मुताबिक, उम्मीदवार 8 जून तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 9 जून को होगी, जबकि 11 जून तक नाम वापस लेने का मौका दिया जाएगा। मतदान 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जाएगा। वोटों की गिनती उसी दिन शाम 5 बजे शुरू होगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया 20 जून तक पूरी होने की संभावना है।

चुनाव आयोग ने मतदान प्रक्रिया को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि मतदान के दौरान केवल रिटर्निंग अधिकारी द्वारा उपलब्ध कराए गए विशेष बैंगनी रंग के स्केच पेन का ही इस्तेमाल किया जा सकेगा। किसी अन्य पेन के उपयोग की अनुमति नहीं होगी।

किन राज्यों में कितनी सीटों पर चुनाव
आंध्र प्रदेश – 4 सीट
गुजरात – 4 सीट
झारखंड – 2 सीट
मध्य प्रदेश – 3 सीट
कर्नाटक – 4 सीट
राजस्थान – 3 सीट
मणिपुर – 1 सीट
मेघालय – 1 सीट
मिजोरम – 1 सीट
अरुणाचल प्रदेश – 1 सीट

राजनीतिक दलों की बढ़ी हलचल
राज्यसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही विभिन्न राजनीतिक दलों में उम्मीदवारों के चयन को लेकर हलचल तेज हो गई है। कई राज्यों में सीटों के समीकरण को लेकर राजनीतिक रणनीति भी तैयार की जा रही है।




































