DURG NEWS. छत्तीसगढ़ के दुर्ग शहर से बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। मोहन नगर थाना क्षेत्र के आर्य नगर इलाके में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। घर के भीतर पति-पत्नी के शव फंदे से लटके मिले। मृतकों की पहचान गोविंद साहू (45) और उनकी पत्नी चंचल साहू (40) के रूप में हुई है।

वहीं उनकी बेटी दृष्णा साहू (13) और बेटा यशांत साहू (11) घर में मृत अवस्था में बिस्तर पर पड़े मिले। घटना की जानकारी मिलते ही दुर्ग के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की।

पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नोट में पारिवारिक विवाद का जिक्र किया गया है। पुलिस ने नोट को जब्त कर जांच में शामिल कर लिया है। एसएसपी विजय अग्रवाल ने मीडिया से कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और स्तब्धता का माहौल है। स्थानीय लोग इसे बेहद दर्दनाक पारिवारिक त्रासदी बता रहे हैं।

बच्चों को नींद का इंजेक्शन देकर मौत की नींद सुलाने की बात कही जा रही है। पुलिस को मौके से सुसाइडल नोट मिला है, जिसकी पड़ताल में पुलिस जुटी है।



































