RAIPUR NEWS. रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में करंट लगने से इलेक्ट्रिशियन कुबेर चंद साहू की मौत के बाद अब मामला तूल पकड़ता जा रहा है। छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने इस घटना को छत्तीसगढ़िया श्रमिकों के साथ अन्याय बताते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग उठाई है।

संगठनों का आरोप है कि धमतरी जिले के कुरूद क्षेत्र के जामगांव निवासी 32 वर्षीय कुबेर चंद साहू की ड्यूटी के दौरान करंट लगने से मौत हो गई, लेकिन घटना के बाद संबंधित कंपनी ‘जय इंटरप्राइजेज’ और ठेकेदार विनीत शाह ने परिवार की जिम्मेदारी लेने से किनारा कर लिया। संगठनों ने प्रदेशवासियों से भी अपील की है कि वे पीड़ित परिवार के समर्थन में आगे आएं, ताकि श्रमिकों के साथ होने वाले अन्याय के खिलाफ मजबूत आवाज उठाई जा सके।

छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के पदाधिकारियों ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि बाहरी ठेकेदार प्रदेश में करोड़ों का काम कर रहे हैं, लेकिन स्थानीय श्रमिकों की सुरक्षा और उनके परिवारों की चिंता नहीं की जा रही। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द न्याय नहीं मिला तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।

संगठनों ने कहा कि कुबेर साहू के परिवार के साथ पूरा छत्तीसगढ़िया समाज खड़ा है और यह लड़ाई न्याय मिलने तक जारी रहेगी। उन्होंने प्रशासन पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि एयरपोर्ट जैसी संवेदनशील जगह पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी गंभीर लापरवाही है।

ये हैं संगठनों की प्रमुख मांगें
- पीड़ित साहू परिवार को तत्काल सम्मानजनक आर्थिक मुआवजा दिया जाए।
- ठेकेदार विनीत शाह और ‘जय इंटरप्राइजेज’ के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया जाए।
- एयरपोर्ट प्रशासन सुरक्षा में हुई लापरवाही की जिम्मेदारी तय करे।
- भविष्य में ऐसे हादसे रोकने के लिए श्रमिक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।



































