BILASPUR NEWS. बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर खाकी का खौफ दिखाकर लूटपाट करने वाले एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। कार सवार चार बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक ट्रक ड्राइवर की न केवल पिटाई की, बल्कि उसका अपहरण कर 9 बोरी तंबाकू और नकदी भी लूट ली। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बीट सिस्टम की मदद से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के उमरिया निवासी ट्रक ड्राइवर सुरेंद्र जायसवाल 9 मई को ट्रक (CG 04 MP 466) में गेहूं और तंबाकू लोड कर शहडोल से बिलासपुर की ओर आ रहा था। सकरी थाना क्षेत्र के हाफा के पास ट्रक खराब होने पर वह सड़क किनारे एक ढाबे के पास रुका था। इसी दौरान सुबह करीब 8 बजे कार (CG 10 BD 7204) में सवार चार युवक वहां पहुंचे।

किडनी फेल करने और जेल भेजने की दी धमकी
बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और अवैध तस्करी का आरोप लगाते हुए ट्रक की तलाशी लेने लगे। उन्होंने ट्रक से 9 बोरी तंबाकू उतार ली और ड्राइवर के साथ मारपीट करते हुए उसे जबरन अपनी कार में बिठा लिया। बदमाशों ने ड्राइवर को डराया कि उसे अवैध तस्करी के मामले में जेल भेज दिया जाएगा। डर के मारे ड्राइवर ने अपने मालिक से संपर्क किया, जिसके बाद आरोपियों ने चॉइस सेंटर के माध्यम से 8 हजार रुपये निकलवाए और फिर ड्राइवर को छोड़कर फरार हो गए।

बीट सिस्टम से पकड़े गए आरोपी
घटना के बाद पीड़ित ड्राइवर ने सकरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बीट सिस्टम से मिले इनपुट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घेराबंदी की। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान सिद्धार्थ साहू (24 वर्ष) – निवासी छतौना, चकरभाठा,नारायण साहू (34 वर्ष) – निवासी सरगिट्टी नयापारा, इस्माइल खान (31 वर्ष) – निवासी मुंडा, कोटा, आनंद उर्फ विक्रांत साहू (22 वर्ष) – निवासी चकरभाठा।

ब्रेजा कार और सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई ब्रेजा कार और लूटी गई 9 बोरी तंबाकू बरामद कर ली है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इस गिरोह ने पहले भी इस तरह की कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।




































