गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में तरबूज का सेवन करने के बाद मैगी खाने से एक ही परिवार के 9 लोगों की हालत बिगड़ गई। बुधवार शाम साइकिल से तरबूज बेचने वाले व्यक्ति से फल खरीदकर खाने के करीब एक घंटे बाद परिवार ने मैगी बनाकर खाई। इसके बाद सभी को उल्टी, दस्त, पेट दर्द और सांस लेने में तकलीफ शुरू हो गई।
परिवार के सदस्यों में 2 साल के बच्चे से लेकर 80 साल के बुजुर्ग तक शामिल हैं। हालत बिगड़ने पर उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रात तीन बजे फिर से उल्टी शुरू होने पर डॉक्टरों को बुलाया गया और इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया।
डॉक्टरों का प्रारंभिक अनुमान है कि यह फूड पॉइजनिंग का मामला है। सीएमओ डॉ. राजेश झा ने बताया कि सही कारण जानने के लिए डॉक्टरों की टीम शुक्रवार को गांव भेजी जाएगी। फिलहाल सभी मरीजों की हालत स्थिर है और खतरे से बाहर बताई जा रही है।
सीएमओ डॉ. राजेश झा स्वयं मरीजों की स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक बुजुर्ग की हालत गंभीर थी, लेकिन अब सभी नियंत्रण में हैं। डॉक्टरों की टीम जांच रिपोर्ट आने के बाद ही असली कारण बता पाएगी।




































