RAIPUR NEWS. रायपुर के संतोषी नगर स्थित मोरेश्वर राव गद्रे वार्ड के पूर्व पार्षद अमित दास का हार्ट अटैक से निधन हो गया। वे दोस्तों के साथ घूमने के लिए कान्हा किसली नेशनल पार्क गए हुए थे। गुरुवार रात एक निजी रिजॉर्ट में नहाने के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें तत्काल रायपुर लाया गया, जहां एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, अमित दास अपने दोस्तों के साथ ट्रिप पर गए थे। इस दौरान स्विमिंग पूल में नहाते वक्त उनके गले में पानी चला गया, जिसके बाद उनकी स्थिति लगातार खराब होती गई। इसके बाद कुछ देर तक परेशान होते रहे।

इसके साथ मौजूद लोगों ने उन्हें संभालने की कोशिश की, लेकिन हालत गंभीर होने पर उन्हें रायपुर रेफर किया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चलता रहा, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

अमित दास रायपुर नगर निगम क्षेत्र के संतोषी नगर स्थित मोरेश्वर राव गद्रे वार्ड से तीन बार पार्षद रह चुके थे। वे पूर्व एमआईसी सदस्य भी रहे और कांग्रेस संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते थे। वे पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुमित दास और विनीत दास के छोटे भाई थे।

उनके आकस्मिक निधन की खबर से परिवार, समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में शोक का माहौल है। अंतिम यात्रा शुक्रवार दोपहर 3 बजे लक्ष्मी नगर स्थित प्रिंस कॉलोनी निवास से गोकुल नगर मठपुरेना के लिए निकाली जाएगी।





































