JANJGIR NEWS. जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम भवंतरा में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात चार लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह जब एक मिस्त्री निर्माणाधीन मकान पर काम के लिए पहुंचा, तब उसने चारों लोगों को खाट पर बेसुध पड़ा देखा। आवाज लगाने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने से गांव में हड़कंप मच गया।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। सूचना सरपंच राजाराम कश्यप ने पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम तत्काल गांव पहुंची और जांच शुरू की गई। मृतकों की पहचान मेदनी प्रसाद कश्यप, पीताम्बर कश्यप, शांति बाई और कुमारी मोगरा के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि सभी लोग निर्माणाधीन मकान के काम से जुड़े थे और वहीं अस्थायी रूप से रह रहे थे। पुलिस ने मामले में एक संदेही को हिरासत में लिया है, जो मृतकों का रिश्तेदार बताया जा रहा है। उससे पूछताछ की जा रही है।

हालांकि, अब तक मौत की असली वजह सामने नहीं आ सकी है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।





































