Raipur News
फाफाडीह इलाके में जुए के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सेंट्रल जोन की रात्रि गश्त टीम और गंज थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से छापा मारकर 15 लोगों को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गंज थाना क्षेत्र के फाफाडीह में एक खुले मैदान में कुछ लोग बड़ी रकम लगाकर ताश के पत्तों पर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही टीम ने रणनीति बनाकर मौके पर दबिश दी और घेराबंदी कर सभी आरोपियों को पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 1 लाख 54 हजार 500 रुपये नकद, 52 ताश पत्ते, कई मोबाइल फोन और जुआ खेलने में इस्तेमाल किए गए वाहन जब्त किए।
सभी 15 आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही पुलिस अब उनके पुराने रिकॉर्ड खंगाल रही है और आगे की प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की तैयारी में है।




































