BILASPUR NEWS. शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुदुदंड में पुरानी रंजिश को लेकर एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक बदमाश युवक ने महिला के घर के बाहर खड़ी स्कूटी में आग लगा दी। आग इतनी भीषण थी कि स्कूटी के साथ-साथ घर के बाहर रखा अन्य घरेलू सामान भी जलकर खाक हो गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।


पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुदुदंड निवासी प्रियंका कुशवाहा ने शिकायत दर्ज कराई है कि बीते रविवार की रात उन्होंने अपनी स्कूटी घर के बाहर खड़ी की थी। रात करीब 1 बजे उन्हें कुछ जलने की गंध आई। जब वे बाहर आईं तो देखा कि स्कूटी धू-धू कर जल रही थी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पास रखा घरेलू सामान भी इसकी चपेट में आ गया।


आरोपी पहले भी करता रहा है परेशान
पीड़िता ने मोहल्ले में ही रहने वाले सागर ठाकुर पर आगजनी का आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार, आरोपी पिछले लंबे समय से पुरानी रंजिश के चलते उन्हें परेशान कर रहा था। इस अग्निकांड में करीब 15 हजार रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान है। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।




































