BILASPUR NEWS. जिले के बेलगहना चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खोंगसरा में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। विवाहिता की मौत के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए जहर देकर हत्या करने की आशंका जताई है। मामले को लेकर परिजनों में भारी आक्रोश है और उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम उरतुम निवासी राजेश पटेल की बहन दीक्षा कुशवाहा की शादी खोंगसरा निवासी दिलीप कुशवाहा से हुई थी। शनिवार 9 मई को अचानक दीक्षा की तबीयत बिगड़ने की सूचना मायके पक्ष को दी गई। बताया गया कि उसे गंभीर हालत में सिम्स अस्पताल बिलासपुर लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतिका के भाई राजेश पटेल का आरोप है कि बहन की मौत सामान्य नहीं लग रही। परिजनों का कहना है कि दीक्षा को शादी के बाद से ही प्रताड़ित किया जाता था। शव की हालत देखकर उन्हें संदेह है कि उसे जहर दिया गया या उसके साथ कोई गंभीर वारदात हुई है।

घटना के बाद परिजनों ने जिला प्रशासन, पुलिस अधीक्षक और स्वास्थ्य विभाग को आवेदन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने पोस्टमार्टम न्यायिक अधिकारियों की मौजूदगी में कराने, डॉक्टरों की विशेष टीम गठित करने और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने की मांग उठाई है।

परिजनों का कहना है कि जब तक मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं होती, वे न्याय की लड़ाई जारी रखेंगे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।






































