MANENREAGARH NEWS. शादी के महज दो दिन बाद एक नवविवाहित जोड़े की खुशियां उस वक्त बिखर गईं, जब दुल्हन का कथित प्रेमी सीधे उसके ससुराल पहुंच गया। युवक ने परिजनों के सामने तीन साल पुराने प्रेम संबंध का दावा करते हुए निजी फोटो और वीडियो होने की बात कही। इसके बाद घर में जमकर हंगामा हुआ और दूल्हे ने पत्नी को अपनाने से इनकार कर दिया। मामले के चलते तय रिसेप्शन कार्यक्रम भी रद्द कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत कठौतिया निवासी नवीन कुमार, जो किराना व्यवसाय से जुड़ा है, की शादी 6 मई को कोड़ा निवासी युवती से हुई थी। 7 मई को विदाई के बाद दुल्हन ससुराल पहुंची। परिवार में रिसेप्शन की तैयारियां चल रही थीं, तभी मयूर अग्रवाल नाम का युवक वहां पहुंच गया।

बताया जा रहा है कि मयूर ड्राई फ्रूट्स का कारोबार करता है। उसने परिवार के सामने दावा किया कि उसका युवती के साथ पिछले तीन वर्षों से प्रेम संबंध था। युवक ने यह भी कहा कि उसके पास दोनों के निजी फोटो और वीडियो मौजूद हैं। यह सुनते ही माहौल तनावपूर्ण हो गया और दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दूल्हा-दुल्हन सहित युवक को सिटी कोतवाली ले जाया गया। वहां देर रात तक समझाइश का दौर चलता रहा।

दूल्हे नवीन कुमार ने साफ कहा कि यदि युवती का पहले से किसी और के साथ संबंध था, तो वह इस रिश्ते को आगे नहीं बढ़ा सकता। उसने मामले में न्याय की मांग करते हुए तलाक लेने की बात कही है।

सिटी कोतवाली प्रभारी विवेक पाटले के मुताबिक, फिलहाल किसी भी पक्ष ने लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है। पुलिस ने तीनों पक्षों को समझाइश देकर आपसी सहमति से मामला सुलझाने का प्रयास किया है। वहीं, जिस रात नवदंपती का रिसेप्शन होना था, वह रात तीनों पक्षों ने थाने में गुजारी।


































