वैशाली। बिहार के वैशाली जिले में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब जयमाला के दौरान दुल्हन अचानक बेहोश होकर मंच पर गिर पड़ी। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना चेहराकलां प्रखंड के कटहरा गांव की है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

बताया जा रहा है कि शनिवार रात शादी की रस्में चल रही थीं और मुजफ्फरपुर से बारात आई हुई थी। जयमाला के लिए जैसे ही दुल्हन मंच पर पहुंची, वह अचानक बेहोश होकर गिर गई। शुरुआत में परिजनों को लगा कि उसका ब्लड प्रेशर लो हो गया है, लेकिन हालत बिगड़ने पर उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

दुल्हन की मौत की खबर मिलते ही शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। दूल्हा और बाराती पूरी रात उसके ठीक होने का इंतजार करते रहे, लेकिन सुबह मौत की पुष्टि होने के बाद दूल्हा बिना दुल्हन के ही वापस लौट गया।

घटना को लेकर गांव में कई तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, दुल्हन का गांव के ही एक युवक के साथ प्रेम संबंध था। आशंका जताई जा रही है कि दोनों ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया था। युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। वधु और वर पक्ष के बीच विवाद की स्थिति भी पैदा हो गई। ग्रामीणों के मुताबिक मामले को लेकर पंचायत बुलाई गई, जिसमें प्रेमी पक्ष पर आर्थिक दंड लगाने का निर्णय लिया गया।

कटहरा थाना पुलिस का कहना है कि मामले में अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



































