RAIRPUR NEWS. राजधानी की कमर्शियल बिल्डिंग्स में लगे लिफ्ट की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। करेंसी टॉवर की घटना के बाद अब गुरुवार सुबह फाफाडीह स्थित पिथालिया कॉम्प्लेक्स में एक और मामला सामने आया, जहां एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी की पत्नी लिफ्ट में फंस गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मिली जानकारी के अनुसार, आईएएस अधिकारी सिद्धार्थ कोमल परदेशी की पत्नी गार्गी परदेशी सुबह करीब 8 बजे जिम जाने के लिए लिफ्ट से ऊपर जा रही थीं।

इसी दौरान अचानक लिफ्ट तकनीकी खराबी के चलते बंद हो गई। कुछ समय तक लिफ्ट में फंसे रहने से वे घबरा गईं। बाद में परिवार और नगर निगम को इसकी सूचना दी गई। नगर निगम आयुक्त विश्वदीप ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही जोन क्रमांक-2 की टीम को मौके पर भेजा गया। वहीं मुख्य विद्युत निरीक्षक सुरेश कुमार नेताम ने कहा कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं मिली है, लेकिन यदि ऐसा हुआ है तो संबंधित लिफ्ट की तकनीकी जांच कराई जाएगी और सुरक्षा मानकों का परीक्षण किया जाएगा।

पहले भी सामने आ चुकी है गंभीर लापरवाही
इससे पहले 20 अप्रैल को रायपुर के करेंसी टॉवर में वरिष्ठ आईएएस ऋचा शर्मा लिफ्ट में फंस गई थीं। उस दौरान लिफ्ट में न पर्याप्त रोशनी थी और न ही वेंटिलेशन की सुविधा। हैरानी की बात यह रही कि अंदर कोई इमरजेंसी अलार्म या हेल्पलाइन नंबर तक उपलब्ध नहीं था। करीब 20 मिनट तक वे लिफ्ट में फंसी रहीं।

राजधानी में बहुमंजिला इमारतों में लिफ्ट खराब होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। बार-बार हो रही तकनीकी गड़बड़ियां और सुरक्षा इंतजामों की कमी यह संकेत दे रही है कि मेंटेनेंस और निगरानी व्यवस्था में गंभीर खामियां हैं।

क्या हैं जरूरी सुरक्षा इंतजाम?
- लिफ्ट में इमरजेंसी अलार्म और हेल्पलाइन नंबर अनिवार्य
- पर्याप्त रोशनी और वेंटिलेशन की व्यवस्था
- नियमित तकनीकी जांच और मेंटेनेंस
- प्रशिक्षित ऑपरेटर या सुरक्षा स्टाफ की उपलब्धता
- पावर बैकअप सिस्टम का होना जरूरी



































