BHILAI NEWS. छत्तीसगढ़ की महतारी वंदन योजना में अनिवार्य e-KYC को लेकर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस ने इस प्रक्रिया को महिलाओं के लिए परेशानी भरा बताते हुए राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। दुर्ग और भिलाई में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर योजना की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि e-KYC के नाम पर बड़ी संख्या में पात्र महिलाओं को योजना से बाहर किया जा रहा है।

कांग्रेस नेताओं का दावा है कि करीब 5 लाख महिलाओं के नाम हटाए जा रहे हैं, जिससे गरीब और जरूरतमंद महिलाओं को सीधे नुकसान हो रहा है। भिलाई में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि योजना में पारदर्शिता की कमी है। महिलाओं को बार-बार दस्तावेज़ जमा करने और e-KYC कराने के लिए मजबूर किया जा रहा है, जिससे उन्हें अनावश्यक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के सौरभ मिश्रा ने कहा कि सरकार e-KYC के नाम पर महिलाओं को परेशान कर रही है। लाखों महिलाओं का नाम काटा जा रहा है, जो बेहद चिंताजनक है। कांग्रेस नेता सौरभ मिश्रा ने यह भी कहा कि योजना पर हर महीने 600 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च हो रहा है, जिससे सरकार की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है।

इसी वजह से लाभार्थियों की संख्या कम करने की कोशिश की जा रही है। प्रदर्शन में विधायक प्रतिनिधि राजेंद्र परगनिया, पार्षद सुरेश वर्मा, हरीश सिंह, राजेश चौधरी, मंडल अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह, ब्लॉक उपाध्यक्ष ख्वाजा अहमद समेत कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।

मामले ने तूल पकड़ लिया है और अब सबकी निगाहें राज्य सरकार की प्रतिक्रिया पर टिकी हैं। देखना होगा कि सरकार e-KYC प्रक्रिया को लेकर क्या सफाई देती है और क्या महिलाओं को किसी तरह की राहत मिलती है या नहीं।



































