WEST BENGAL NEWS. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के चुनावी रण में तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर तीखा प्रहार करते हुए दावा किया है कि पहले चरण के मतदान के बाद ही सत्तारूढ़ दल का अहंकार चूर हो गया है। बनगांव में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि दूसरे चरण के रुझान स्पष्ट कर रहे हैं कि बंगाल में अब भाजपा की जीत सुनिश्चित है।

प्रधानमंत्री ने TMC के प्रसिद्ध नारे ‘मां, माटी, मानुष’ पर निशाना साधते हुए कहा कि 15 साल पहले इसी वादे के साथ सत्ता में आई पार्टी आज इन शब्दों का सम्मान करना भूल गई है। पीएम ने आरोप लगाया कि TMC की क्रूरता ने प्रदेश की माताओं को रुलाया है। बंगाल की पावन धरती को ‘सिंडिकेट’ और घुसपैठियों के हवाले कर दिया गया है। यहाँ के साधारण मानुष (इंसान) आज पलायन करने पर मजबूर हैं।

पीएम मोदी ने कड़े लहजे में कहा, “आज TMC के नेता ये शब्द बोलने की हिम्मत भी नहीं जुटा पाते, क्योंकि अगर वे इन्हें बोलेंगे तो उनके पाप जनता के सामने आ जाएंगे। ममता शासन में छोटे-छोटे नेता और गुंडे खुद को सरकार समझने लगे हैं।”

मतुआ समुदाय के मंदिर जाएंगे प्रधानमंत्री
बनगांव की रैली के बाद पीएम मोदी का कार्यक्रम आरामबाग में भी तय है। चुनावी सरगर्मी के बीच प्रधानमंत्री शाम 5:30 बजे कोलकाता में एक भव्य रोड शो करेंगे। इसके अतिरिक्त, वे मतुआ समुदाय के पवित्र स्थल पर जाकर हरि चंद और गुरु चंद ठाकुर को नमन करेंगे, जिसे राजनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

रवि किशन के रोड शो में हंगामा
इधर, हावड़ा में भाजपा प्रत्याशी उमेश राय के समर्थन में रोड शो कर रहे सांसद रवि किशन के कार्यक्रम में तनाव की स्थिति देखी गई। रोड शो के दौरान कुछ TMC समर्थकों के घुस आने से भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बहस हुई। हालांकि, रवि किशन ने गाड़ी से ही मोर्चा संभालते हुए समर्थकों से शांति बनाए रखने और आगे बढ़ने की अपील की, जिससे स्थिति पर काबू पाया जा सका।

पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण की वोटिंग 29 अप्रैल को होनी है, जिसे लेकर भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।




































