AMBIKAPUR NEWS. सरगुजा जिला मुख्यालय अंबिकापुर में आयोजित व्यापमं (व्यावसायिक परीक्षा मंडल) की मंडी निरीक्षक भर्ती परीक्षा के दौरान व्यवस्थाओं को लेकर अभ्यर्थियों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। परीक्षार्थियों ने परीक्षा केंद्र पर लागू किए गए ड्रेस कोड को लेकर आपत्ति जताते हुए कहा कि उन्हें अपनी शर्ट और टी-शर्ट उतारने के लिए मजबूर किया गया।


मिली जानकारी के अनुसार, व्यापमं द्वारा आयोजित इस परीक्षा के लिए अंबिकापुर के एक निजी स्कूल को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। यहां कुछ अभ्यर्थी काले और गहरे रंग के कपड़े पहनकर परीक्षा देने पहुंचे थे। केंद्र पर मौजूद कर्मचारियों ने नियमों का हवाला देते हुए उनसे शर्ट खुलवाने को कहा। स्थिति ऐसी बन गई कि कई अभ्यर्थियों को केवल बनियान (गंजी) में ही परीक्षा देनी पड़ी।

अभ्यर्थियों का आरोप है कि यह व्यवस्था न केवल असुविधाजनक थी, बल्कि उनकी गरिमा के भी खिलाफ थी। उनका कहना है कि उन्हें महिला अभ्यर्थियों की मौजूदगी में बनियान पहनकर परीक्षा देने के लिए मजबूर किया गया, जिससे वे मानसिक रूप से असहज महसूस कर रहे थे।

परीक्षार्थियों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है।





































