Dhamtari Police Transfer छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में मंगलवार को पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिला। जहां करीब साल भर से एक जगह पर जमे हुए करीब 192 आरक्षकों के तबादले किए गए हैं। इस तबादला सूची में 31 महिला आरक्षक और जिला रिजर्व गार्ड (DRG) के 17 जवान शामिल हैं।

यह आदेश पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने जारी किया है। सभी स्थानांतरित कर्मियों को जिले के विभिन्न थानों भखारा नगरी, सिहावा, अर्जुनी, कुरूद, मगरलोड, धमतरी रुद्री सहित कई पुलिस चौकियों और रक्षित केंद्र में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी दो अलग अलग आदेश सूचियों में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सभी कर्मचारी तत्काल प्रभाव से अपने नए पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करें।

सूत्रों की मानें तो यह कदम लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थ आरक्षकों को हटाने और व्यवस्था में कसावट लाने के उद्देश्य से उठाया गया है। इतने बड़े स्तर हुई इस प्रशासनिक सर्जरी से पूरे विभाग में हलचल मच गई है।
च्वॉयस के आधार पर हुआ ट्रांसफर
प्रक्रिया की विशेषता यह रही कि आरक्षकों को गृह थाना और पिछली पोस्टिंग को छोड़कर तीन विकल्प देने की स्वतंत्रता दी गई। साथ ही, जिन कर्मियों की विशेषज्ञता किसी विशेष इकाई के लिए आवश्यक थी, उन्हें प्रशासनिक कारणों से यथावत रखा गया, ताकि कार्य प्रभावित न हो।

यह भी ध्यान रखा गया कि स्थानांतरण का समय ऐसा हो जब कर्मचारियों के बच्चों का शैक्षणिक सत्र पूरा हो चुका हो, जिससे परिवार पर किसी तरह का नकारात्मक असर न पड़े।

।







































