RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में पुलिस विभाग में अधिकारियों की पदस्थापना में बदलाव किया गया है। राज्य शासन के गृह (पुलिस) विभाग ने 9 अक्टूबर 2026 को आदेश जारी कर 18 पुलिस अधिकारियों की नई पदस्थापना की है। इस सूची में राज्य पुलिस सेवा के 2021, 2022, 2023 और 2024 बैच के अधिकारी शामिल हैं। आदेश के अनुसार, कई जिलों में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) और नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) स्तर के अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं।

वहीं, कुछ अधिकारियों को पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर में पदस्थ किया गया है। नई पदस्थापना वाले अधिकारियों को संबंधित जिलों में वरिष्ठतम अधीनस्थ अधिकारी को अपना कार्यभार सौंपकर कार्यमुक्त होना होगा। झा अमनकुमार सनकुमार को पुलिस अधीक्षक (SIA) और अजय कुमार को पुलिस अधीक्षक (SIB) के पद पर पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर में पदस्थ किया गया है। रोहित कुमार शाह को 15वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, बीजापुर में सेनानी बनाया गया है।

जारी आदेश के मुताबिक आकाश श्री श्रीमाल को सहायक पुलिस महानिरीक्षक (अ.अ.वि.), अक्षय प्रमोद सबद्रा को सहायक पुलिस महानिरीक्षक (योजना/प्रबंध) और आकाश कुमार शुक्ला को सहायक पुलिस महानिरीक्षक (RNTF) की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा रविन्द्र कुमार मीणा को पुलिस मुख्यालय में चिटफंड एवं महिला विरुद्ध अपराध शाखा में पदस्थ किया गया है।

आदेश में नारायणपुर, सुकमा, जगदलपुर, कांकेर, दुर्ग, राजनांदगांव, बीजापुर, कोंडागांव और सरगुजा सहित कई जिलों में अधिकारियों की नई पदस्थापना की गई है। कुछ अधिकारियों को नगर पुलिस अधीक्षक के पद से हटाकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बनाया गया है, जबकि कुछ प्रशिक्षु अधिकारियों को जिलों में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।यह आदेश छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम से तथा उनके आदेशानुसार गृह विभाग के सचिव हिम शिखर गुप्ता के डिजिटल हस्ताक्षर से जारी किया गया है।

पढ़ें पूरा आदेश





































