Uttar Pradesh News बस्ती: उत्तरप्रदेश के बस्ती जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसमें बारात निकलने से ठीक पहले दूल्हे के घर पहुंचकर दुल्हन का प्रेमी धमकी देकर चला गया। डर के मारे दूल्हा बारात लेकर जाने से मना कर बैठा, जिसके बाद दुल्हन की शादी मजबूरन उसके प्रेमी से ही कर दी गई।

दुबौलिया थाना क्षेत्र के पकड़ी चौहान गांव निवासी जान मेजर वर्मा की शादी बस्ती के मड़वानगर गांव की मनीषा चौधरी से तय हुई थी। शादी की तारीख 20 अप्रैल 2026 तय की गई थी। दूल्हा वर्तमान में लखनऊ में दरोगा के पद पर तैनात है।

20 अप्रैल को बारात निकालने की पूरी तैयारियां चल रही थीं। रिश्तेदार जुट चुके थे और बारात बस्ती शहर के होटल ग्रीन वैली में जाने वाली थी। ठीक उसी समय दोपहर में दुल्हन का आशिक एक कार लेकर दूल्हे के घर पहुंच गया। उसने खुद को दुल्हन का प्रेमी बताया और खुलेआम धमकी देते हुए कहा, “अगर बारात लेकर जाओगे तो सही सलामत वापस नहीं आ पाओगे।”

यह देख दूल्हे समेत घर वाले उसे पकड़ने दौड़े, लेकिन वह अपनी कार छोड़कर भाग निकला। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। दुबौलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। धमकी के बाद दूल्हा डर गया और बारात ले जाने से साफ इनकार कर दिया। काफी समझाने-बुझाने के बावजूद वह अपनी बात पर अड़ा रहा।

इधर दुल्हन के घर वाले बारात का इंतजार कर रहे थे। जब उन्हें पूरी घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने बहुत मनौव्वल की, लेकिन दूल्हा नहीं माना। आखिरकार मजबूरन दुल्हन मनीषा चौधरी की शादी उसके प्रेमी से ही कर दी गई।



































