खैरागढ़। छुईखदान पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में पुराने सिक्कों और नोटों के नाम पर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के मास्टरमाइंड को हरियाणा के नूंह (मेवात) से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान 19 वर्षीय मोहम्मद जाहिर के रूप में हुई है, जो हरियाणा के नूंह जिले के ग्राम डूंगेजा का निवासी है।

पुलिस के अनुसार, पद्मावतीपुर निवासी नेताराम देवांगन (39 वर्ष) ने छुईखदान थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोपी ने व्हाट्सएप पर पुराने ₹5 के नोट के बदले ₹37.94 लाख दिलाने का लालच देकर ठगी की। प्रोसेसिंग फीस, कस्टम ड्यूटी आदि के नाम पर आरोपी ने विभिन्न बैंक खातों में कुल ₹11 लाख 70 हजार रुपये जमा करवाए।

फेसबुक और व्हाट्सएप के जरिए लोगों को फंसाता था
जांच में पता चला कि आरोपी फेसबुक और व्हाट्सएप के जरिए लोगों को फंसाता था। वह फर्जी सिम कार्ड और दूसरों के बैंक खातों का इस्तेमाल करता था। मामले में लगभग 20 बैंक खातों और 30-40 फर्जी सिम कार्डों का इस्तेमाल सामने आया है।

आरोपी ने अपना अपराध कबूल किया
तकनीकी विश्लेषण के आधार पर छुईखदान पुलिस टीम हरियाणा पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 9 मोबाइल फोन, 2 एटीएम कार्ड और ₹4000 नकद बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध कबूल लिया है।

गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में पुलिस
पुलिस आरोपी के खिलाफ धारा 318(4), 336, 338, 340 IPC तथा 66D आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज चुकी है। पुलिस अब इस संगठित गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।



































