BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पौशरी में शुक्रवार को एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ 28 वर्षीय युवक ने बीच सड़क पर खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसने इस घटना को और भी चौंकाने वाला बना दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पौशरी निवासी मनजीत जायसवाल शुक्रवार दोपहर अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से पास के पेट्रोल पंप पहुँचा। उसने एक डिब्बे में पेट्रोल खरीदा और कुछ दूरी पर सड़क किनारे गाड़ी खड़ी कर दी। इसके बाद अचानक उसने खुद पर पेट्रोल उड़ेल लिया और माचिस जलाकर आग लगा ली।

लपटों में घिरा युवक, 20 मीटर तक भागा
आग लगते ही युवक पूरी तरह लपटों में घिर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वह दर्द से चीखते हुए करीब 20 मीटर तक भागा और फिर सड़क पर गिरकर लोटने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए किसी तरह आग बुझाई और तुरंत पुलिस व 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। आग इतनी भीषण थी कि युवक की बुलेट मोटरसाइकिल भी जलकर राख हो गई।

80% झुलसा, हालत नाजुक
घायल युवक को तत्काल सीएमसी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बर्न और ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार वह करीब 80 प्रतिशत तक झुलस चुका है और उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

बयान और फुटेज में बड़ा विरोधाभास
इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि युवक ने अस्पताल में पुलिस को दिए अपने प्राथमिक बयान में इसे हादसा बताया है। वहीं, सामने आए सीसीटीवी फुटेज में वह स्पष्ट रूप से खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाते हुए दिखाई दे रहा है।

एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह के अनुसार, पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। युवक ने यह खौफनाक कदम क्यों उठाया, इसके पीछे के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहन जांच में जुटी हुई है।




































