बालासोर। ओडिशा के बालासोर जिले से आस्था को झकझोर देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। नीलगिरी सब-डिवीजन के औपादा ब्लॉक अंतर्गत श्यामसुंदरपुर पंचायत के कोलीगाड़ी गांव में चोरों ने दो मंदिरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के गहनों की चोरी कर लिए।

चोरों ने सबसे पहले गांव के हनुमान मंदिर का ताला तोड़ा। यहां से उन्होंने चांदी के मुकुट, कंगन, पैरों की अंगूठियां, भगवान राम-लक्ष्मण-सीता के मुकुट, हनुमान जी का लॉकेट, चेन और चांदी के बर्तन समेत कई कीमती सामान चुरा लिया।

इसके बाद चोर पास ही स्थित शनि मंदिर में घुस गए। यहां चोरों ने बेहद अजीब हरकत की – उन्होंने भगवान शनि देव की आंखों पर काला कपड़ा बांध दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि चोरों ने ऐसा इसलिए किया ताकि शनि देव इस चोरी को न देख सकें और उन्हें पाप न लगे।

शनि मंदिर से चोरों ने चांदी का मुकुट, सोने का लॉकेट, चांदी के कंगन, पाईता, पायल, झुमके और अन्य आभूषण चुरा लिए। दोनों मंदिरों से कुल मिलाकर 4 लाख रुपये से अधिक मूल्य के गहने और सामान चोरी हो गए।चोरों ने मंदिर के पास खड़ी दो साइकिलें भी अपने साथ ले लीं।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने नीलगिरी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस चोरों की तलाश में छानबीन कर रही है।इस घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है।





































