RAIGHAR NEWS. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से शिक्षा के मंदिर को कलंकित करने वाला एक मामला सामने आया है। लैलूंगा विकासखंड के अंतर्गत आने वाली शासकीय प्राथमिक शाला छातासराई में पदस्थ एक सहायक शिक्षक को शराब के नशे में स्कूल पहुंचने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। आरोपी शिक्षक की पहचान कुष्टोराम भोय के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, शिक्षक कुष्टोराम भोय सोमवार को अत्यधिक नशे की हालत में स्कूल पहुंचा था। उसे इस स्थिति में देखकर वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने उसका वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में शिक्षक की हालत स्पष्ट रूप से देखी जा सकती थी, जिससे शिक्षा विभाग की काफी किरकिरी हुई।

शिक्षक की अजीब दलील
ग्रामीणों और पालकों द्वारा पूछताछ किए जाने पर शिक्षक ने अपनी गलती स्वीकार की, लेकिन इसके पीछे की वजह काफी अजीब बताई। शिक्षक का कहना था कि घर में मेहमान आए हुए थे, जिनके साथ उसने थोड़ी शराब पी ली और उसी हालत में स्कूल चला आया। ग्रामीणों का आरोप है कि यह कोई पहली घटना नहीं है; शिक्षक अक्सर नशे में स्कूल आता है, जिससे बच्चों की पढ़ाई और भविष्य पर बुरा असर पड़ रहा है।

पालकों का आक्रोश और आंदोलन की चेतावनी
घटना के बाद पालकों और शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने संकुल समन्वयक को पंचनामा सौंपते हुए शिक्षक पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। पालकों ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी थी कि यदि शिक्षक को तत्काल नहीं हटाया गया, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

विभाग ने की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए लैलूंगा विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) रवि सारथी ने जांच रिपोर्ट जिला शिक्षा अधिकारी को भेजी। बीईओ ने बताया कि शिक्षक के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं। सोमवार की घटना की पुष्टि होने के बाद उच्च अधिकारियों के निर्देश पर शिक्षक कुष्टोराम भोय को तत्काल प्रभाव से निलंबित (Suspend) कर दिया गया है।





































