PATNA NEWS. बिहार की राजनीति में आज एक युग का अंत हो गया। करीब दो दशकों तक बिहार की सत्ता की कमान संभालने वाले नीतीश कुमार ने मंगलवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। उनके इस्तीफे के साथ ही राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली पहली सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया है। भाजपा विधायक दल ने सर्वसम्मति से सम्राट चौधरी को अपना नेता चुना है, जो अब बिहार के अगले मुख्यमंत्री होंगे।

नीतीश कुमार का राजभवन तक का सफर
मंगलवार दोपहर नीतीश कुमार ने अपनी कैबिनेट की आखिरी बैठक की, जिसमें उन्होंने मंत्रिपरिषद को भंग करने की सिफारिश की। इसके बाद, वे सम्राट चौधरी और विजय चौधरी के साथ एक ही गाड़ी में सवार होकर राजभवन पहुंचे। वहां उन्होंने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा।

इस्तीफे के बाद नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा अब नई सरकार यहाँ का काम देखेगी। मेरा हमेशा सहयोग रहेगा। आगे भी बहुत अच्छा काम होगा, बिहार बहुत आगे बढ़ेगा।

सम्राट चौधरी: भाजपा के पहले मुख्यमंत्री
नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद पटना में भाजपा विधायक दल की बैठक हुई। केंद्रीय पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुना गया। इसके साथ ही बिहार के इतिहास में यह पहली बार होगा जब राज्य की कमान पूरी तरह से भाजपा के हाथों में होगी।

शपथ ग्रहण समारोह कल
जानकारी के अनुसार, नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह कल, 15 अप्रैल को पटना के लोकभवन में आयोजित किया जाएगा। सम्राट चौधरी कल सुबह मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इस बदलाव को 2025 के विधानसभा चुनावों के बाद बिहार की राजनीति का सबसे बड़ा मोड़ माना जा रहा है, जहाँ 89 सीटों के साथ भाजपा सबसे बड़े दल के रूप में उभरी थी।





































