JAGADALPUR NEWS. बीजापुर जिले के भैरमगढ़ में नाबालिग के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा निशाना साधा है। बैज ने कहा कि भाजपा शासन में प्रदेश में जंगलराज जैसी स्थिति बन गई है और अपराधियों के मन से कानून का भय समाप्त हो चुका है।

दीपक बैज ने आरोप लगाया कि भैरमगढ़ दुष्कर्म मामले में भाजपा से जुड़े कुछ कार्यकर्ताओं की संलिप्तता सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के नाम सामने आना बेहद गंभीर और चिंताजनक विषय है।


कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री और गृहमंत्री से इस घटना को लेकर जनता से माफी मांगने की मांग की है। उनका कहना है कि राज्य सरकार कानून व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह विफल साबित हुई है और आम जनता, विशेषकर महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर सरकार के दावे केवल कागजों तक सीमित हैं।

बैज ने सोशल मीडिया पर भैरमगढ़ सामूहिक दुष्कर्म मामले के कथित आरोपी की तस्वीर भी साझा करते हुए सरकार को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियां सुरक्षित नहीं हैं और सरकार केवल दावे और घोषणाएं करने में व्यस्त है, जबकि जमीनी स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था कमजोर पड़ती जा रही है।





































