RAIPUR NEWS. राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कटोरा तालाब के पास की गई, जहां पुलिस ने पहली बार ‘ओसियन ग्रो गांजा’ नाम के विशेष प्रकार के मादक पदार्थ के साथ आरोपी को पकड़ा है। इस मामले से शहर में सक्रिय एक संगठित ड्रग नेटवर्क के संकेत मिले हैं।

पुलिस को 11 अप्रैल को सूचना मिली थी कि इलाके में एक युवक गांजा बेचने की तैयारी में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसकी पहचान रितिक पसरिचा (26) के रूप में हुई, जो मूल रूप से दिल्ली का निवासी है और वर्तमान में रायपुर के मोवा इलाके में रह रहा था।

तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से अलग-अलग पैकेट में गांजा और ‘ओसियन ग्रो गांजा’ बरामद किया गया। इसके अलावा पुलिस ने उसके पास से नकदी, महंगा मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और पैकिंग सामग्री भी जब्त की है। बरामद मादक पदार्थ और अन्य सामान की कुल कीमत लगभग साढ़े तीन लाख रुपये आंकी गई है।

प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी अपने एक साथी के साथ मिलकर दिल्ली से कुरियर के माध्यम से नशीला पदार्थ मंगवाता था और उसे रायपुर में सप्लाई करता था। इस खुलासे के बाद पुलिस अब उस पूरे नेटवर्क की तलाश में जुट गई है, जो इस अवैध कारोबार से जुड़ा हुआ है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। साथ ही कुरियर सेवा से जुड़े लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि सप्लाई चेन के अन्य सदस्यों तक पहुंचा जा सके।




































