BILASPUR NEWS. जिले के बेलगहना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब रेलवे स्टेशन के पास एक संदिग्ध युवक के पास से लाखों रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को हिरासत में लेकर रकम जब्त कर ली है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, दिनांक 8 अप्रैल 2026 को बेलगहना पुलिस और एसीसीयू बिलासपुर की संयुक्त टीम क्षेत्र में गश्त और अपराध विवेचना पर निकली हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि टेगनमाड़ा रेलवे स्टेशन के पास एक व्यक्ति दो सूटकेस और एक पिट्ठू बैग के साथ संदिग्ध स्थिति में घूम रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और उनके निर्देश पर तत्काल मौके पर पहुंचकर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम पवन बजाज (35 वर्ष), निवासी कश्यप कॉलोनी, पुराना बस स्टैंड, थाना सिटी कोतवाली बिलासपुर बताया।

जब पुलिस ने उसके सामान की तलाशी ली, तो दो सूटकेस और एक बैग से भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई। इसमें 10, 20 और 50 रुपये के नए नोटों के कुल 81 बंडल मिले, जिनकी कुल रकम 17 लाख 90 हजार रुपये आंकी गई।

इतनी बड़ी नकदी के स्रोत के संबंध में युवक संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। इस पर पुलिस ने रकम को संदिग्ध मानते हुए धारा 106 बीएनएसएस के तहत जब्त कर लिया है।
फिलहाल पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इतनी बड़ी राशि कहां से लाई गई और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य के लिए किया जाना था। इस कार्रवाई में बेलगहना पुलिस और एसीसीयू टीम की सक्रिय भूमिका रही, जिसकी सराहना की जा रही है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।





































