ASANSOL NEWS. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल के आसनसोल और हल्दिया में विशाल जनसभाओं को संबोधित करते हुए राज्य की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) और विपक्षी गठबंधन पर तीखा प्रहार किया। पीएम मोदी ने स्पष्ट लहजे में कहा कि बंगाल में अब TMC का भय नहीं बल्कि भाजपा का भरोसा चलेगा और 4 मई के बाद राज्य में हर ‘गुंडागर्दी’ का हिसाब लिया जाएगा।

TMC ने पार की ‘निर्ममता’ की हदें
जनता को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “आपने TMC पर विश्वास जताया था, लेकिन बदले में उन्होंने बंगाल में निर्ममता की सारी हदें पार कर दी हैं।” उन्होंने आर्थिक आंकड़ों का हवाला देते हुए राज्य की बदहाली पर चिंता जताई। मोदी ने कहा कि अगर देश 100 रुपये कमाता है, तो बंगाल का योगदान घटकर मात्र 5 से 6.5 रुपये रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल के आम आदमी की आय लगातार गिर रही है, जबकि TMC के नेताओं और मंत्रियों के बंगले दिन-ब-दिन बड़े होते जा रहे हैं।


युवाओं को मिला ‘डबल धोखा’
हल्दिया की रैली में पीएम ने विशेष रूप से युवाओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि TMC ने बंगाल के युवाओं को ‘डबल धोखा’ दिया है। भ्रष्टाचार के कारण न केवल प्राइवेट सेक्टर राज्य से गायब हो गया है, बल्कि युवाओं के परिवारों के सपने भी कुचल दिए गए हैं।

विपक्ष पर साधा निशाना: एक ही थाली के चट्टे-बट्टे
कांग्रेस और लेफ्ट (वामपंथी दलों) को आड़े हाथों लेते हुए पीएम ने कहा कि बंगाल ने पिछले दशकों में हर पार्टी को मौका दिया—पहले कांग्रेस, फिर लेफ्ट और फिर से कांग्रेस समर्थित राजनीति। लेकिन ये सभी “एक ही थाली के चट्टे-बट्टे” हैं। इन दलों ने मिलकर बंगाल के सपनों को मिट्टी में मिलाने का काम किया है।





































