RAIGHAR NEWS. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ शादी में हो रही देरी और आर्थिक तंगी से परेशान होकर एक मंगेतर जोड़े ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना छाल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम एडूकला के पास के जंगलों की है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार 8 अप्रैल की सुबह जब ग्रामीण एडूकला के जंगल में महुआ बीनने गए थे, तब उन्होंने एक युवक और युवती के शव को पेड़ पर फंदे से लटका हुआ देखा। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना छाल पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को नीचे उतारा और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

साल भर से चल रहा था प्रेम प्रसंग
मृतकों की पहचान रामकुमार अगरिया (25 वर्ष) निवासी भुंडीबाहरी और परमेश्वरी अगरिया (20 वर्ष) निवासी रानीखेत के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच करीब एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इनकी मुलाकात साल 2024 में एडू के रास्ते में बन रहे पुल के निर्माण कार्य के दौरान हुई थी, जहाँ रामकुमार मजदूरी करने जाता था।

सगाई के बाद शादी में आ रही थी अड़चन
परिजनों के अनुसार, करीब 6 महीने पहले दोनों की सगाई हो गई थी और दोनों के परिवार इस रिश्ते से खुश थे। हालांकि, हाल के दिनों में शादी की बात आगे नहीं बढ़ पा रही थी। बताया जा रहा है कि रामकुमार ने नई बाइक खरीदने के लिए अपने घर से 20 हजार रुपये लिए थे, जिसमें से 16 हजार रुपये उसने खर्च कर दिए थे। इसके बाद वह शादी के लिए अलग से पैसों की मांग कर रहा था, लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे अभी शादी का खर्च उठाने में असमर्थता जता रहे थे।

पुलिस कर रही है मामले की जांच
रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके से दोनों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। छाल थाना प्रभारी मदन पाटले के अनुसार, फिलहाल मौत की सही वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मोबाइल रिकॉर्ड्स और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सके।





































