KAWARDHA NEWS. कबीरधाम जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। एक महिला पर नाबालिग लड़के के साथ अनाचार करने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, नाबालिग बालक की पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से आरोपी महिला से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत धीरे-धीरे दोस्ती में बदल गई और मुलाकातों का सिलसिला शुरू हो गया। इसी दौरान 1 मार्च 2026 को महिला ने बालक को भोरमदेव रोड स्थित एक होटल में बुलाया। आरोप है कि वहां उसने भावनात्मक दबाव और मानसिक प्रलोभन देकर नाबालिग के साथ अनाचार किया।

घटना के बाद आरोपी महिला ने पीड़ित को डराया-धमकाया, जिससे वह मानसिक दबाव में आ गया और तुरंत शिकायत दर्ज नहीं करा सका। बाद में हिम्मत जुटाकर उसने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में कबीरधाम पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल अपराध दर्ज किया। थाना कोतवाली में पोक्सो अधिनियम की धारा 4 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से संपर्क करते समय सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।




































