MASTURI NEWS. थाना मस्तूरी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम किसान परसदा के पास रेलवे ट्रैक किनारे मिली अज्ञात युवती की लाश की पहचान हो गई है। मृतिका खैरागढ़ थाना क्षेत्र से अपहृत एक नाबालिग लड़की निकली है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 29 मार्च 2026 को रेलवे गार्ड ने थाना मस्तूरी पहुंचकर सूचना दी थी कि किसान परसदा के पास रेलवे ट्रैक के किनारे एक अज्ञात युवती का शव पड़ा हुआ है। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।


मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात मृतिका की पहचान के लिए पुलिस द्वारा लगातार सोशल मीडिया और समाचार माध्यमों के जरिए जानकारी प्रसारित की जा रही थी। इसी दौरान 30 मार्च की देर रात थाना खैरागढ़ से संपर्क हुआ, जहां पहले से ही एक नाबालिग के अपहरण का मामला दर्ज था। अपहृत लड़की का हुलिया मस्तूरी में मिली मृतिका से मेल खा रहा था।

31 मार्च को मृतिका के परिजन ग्राम चिचोला, ठेलकाडीह से थाना मस्तूरी पहुंचे और शव की पहचान की। इसके बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसे अंतिम संस्कार के लिए गृह ग्राम ले जाया गया।

फिलहाल मामले में आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई थाना खैरागढ़ पुलिस द्वारा की जा रही है।




































