SAKTI NEWS. छत्तीसगढ़ के मालखरौदा थाना क्षेत्र में दोस्ती को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ महज 1800 रुपए के लेनदेन और मोबाइल का पासवर्ड बदलने के विवाद में एक युवक की उसके ही दोस्तों ने बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

ग्राम बंदोरा निवासी विनोद वर्मा (42) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका भतीजा राहुल कुर्मी (25), जो ‘राहुल ऑटो’ नाम से धुलाई सेंटर चलाता था, 28 मार्च की सुबह घर से निकला था। शाम को उन्हें सूचना मिली कि राहुल का शव घर के पास ही पड़ा है। राहुल के शरीर पर गला घोंटने और सिर व चेहरे पर ईंट से हमले के गहरे निशान थे।

विवाद की वजह: 1800 रुपए और मोबाइल का ‘फेस लॉक’
पुलिस जांच और पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए मुख्य आरोपी इंद्र कुमार गबेल (35) का दावा था कि राहुल ने उसकी जेब से 1800 रुपए निकाल लिए थे। इंद्र कुमार इस बात से भी नाराज था कि राहुल ने उसके मोबाइल का फेस लॉक (पासवर्ड) बदल दिया था और उसे बता नहीं रहा था। दूसरे आरोपी नारायण यादव (20) को शक था कि राहुल ने ही उसके भाई का मोबाइल चोरी किया है।

ऐसे दिया वारदात को अंजाम
28 मार्च की शाम करीब 4 बजे, पैसों और मोबाइल विवाद को लेकर राहुल का इंद्र कुमार और नारायण यादव के साथ झगड़ा हुआ। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर दोनों ने कपड़े से राहुल का गला घोंट दिया। मौत सुनिश्चित करने के लिए आरोपियों ने ईंट के टुकड़ों से राहुल के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस की कार्रवाई
मालखरौदा पुलिस ने संदेह के आधार पर इंद्र कुमार गबेल और नारायण यादव को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पुख्ता सबूत जुटाने के बाद 29 मार्च को उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है।



































