RAIPUR NEWS. रायपुर में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने विभिन्न जन मुद्दों को लेकर विधानसभा का घेराव किया। इस दौरान भारत माता चौक, शंकर नगर में पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की और नारेबाजी देखने को मिली।

कांग्रेस का यह प्रदर्शन मनरेगा बचाओ, नशे की खेती पर रोक और रसोई गैस की किल्लत जैसे मुद्दों को लेकर आयोजित किया गया था। पुलिस ने भारत माता चौक के पास बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को विधानसभा की ओर बढ़ने से रोक दिया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

प्रदर्शन में करीब 30 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी रही। इस दौरान सचिन पायलट, दीपक बैज, भूपेश बघेल और चरणदास महंत सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम को कमजोर किया जा रहा है। नेताओं का कहना है कि योजना के बजट में लगातार कटौती की गई है और इसके स्वरूप में बदलाव कर इसे 100% केंद्र पोषित योजना से 60:40 मॉडल में बदल दिया गया है।

कांग्रेस का आरोप है कि राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद मनरेगा के तहत काम लगभग ठप हो गया है, जिससे मजदूरों को रोजगार नहीं मिल रहा और उन्हें अन्य राज्यों में पलायन करना पड़ रहा है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि यूपीए सरकार ने मनरेगा के माध्यम से रोजगार की कानूनी गारंटी दी थी, लेकिन वर्तमान सरकार इसे खत्म करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बजट में लगातार कटौती के कारण मजदूरों की आय प्रभावित हुई है और महंगाई का बोझ बढ़ता जा रहा है।



































