NEW DELHI NEWS. भारत निर्वाचन आयोग ने रविवार को देश के पांच राज्यों—पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि सभी चरणों का मतदान पूरा होने के बाद 4 मई को मतगणना होगी और उसी दिन चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।

मतदान का कार्यक्रम
-पश्चिम बंगाल: राज्य में इस बार दो चरणों में मतदान होगा। पहला चरण 23 अप्रैल और दूसरा चरण 29 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा।
-तमिलनाडु: यहां सभी सीटों पर 23 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान कराया जाएगा।
-केरल, असम और पुडुचेरी: इन तीनों स्थानों पर 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होगा।

824 सीटों पर होगा मतदान
चुनाव आयोग के अनुसार इन पांचों राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश को मिलाकर कुल 824 विधानसभा सीटों पर चुनाव होंगे। इस चुनाव में करीब 17.4 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही सभी संबंधित राज्यों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।

चुनाव प्रक्रिया में नए प्रयोग
निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव के लिए आयोग ने कुछ नई व्यवस्थाएं भी लागू की हैं
-मतदाता सूची को सही और अद्यतन बनाने के लिए एसआईआर प्रक्रिया अपनाई गई है, जिससे अयोग्य नामों को हटाया जा सके। मतदान केंद्रों की सुरक्षा और गोपनीयता बनाए रखने के लिए मतदाताओं को -मोबाइल फोन पोलिंग बूथ के बाहर जमा करना होगा। मतदान के बाद फोन वापस ले सकेंगे।

गौरतलब है कि इन पांचों विधानसभाओं का कार्यकाल मई में समाप्त हो रहा है। पिछले चुनाव की तुलना में इस बार पश्चिम बंगाल में चरणों की संख्या कम रखी गई है, जिसे प्रशासनिक और सुरक्षा दृष्टि से महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है।
अब सभी राजनीतिक दलों की नजर इन चुनावों पर टिकी है और 4 मई को मतगणना के साथ ही साफ हो जाएगा कि किन राज्यों में किस पार्टी की सरकार बनेगी।





































