BALRAMPUR NEWS. छत्तीसगढ़ कांग्रेस में इन दिनों अंदरूनी खींचतान लगातार सामने आ रही है। पार्टी संगठन के कई पदाधिकारी अपने पदों से इस्तीफा देकर अलग हो रहे हैं। इसी कड़ी में बलरामपुर जिले से एक और बड़ी खबर सामने आई है। यहां कांग्रेस के जिला महामंत्री संजीव गुप्ता और ब्लॉक अध्यक्ष जसिम अंसारी ने अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है।

दोनों नेताओं ने अपना इस्तीफा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को भेज दिया है। इस्तीफा देते हुए जिला महामंत्री संजीव गुप्ता ने जिला अध्यक्ष पर उपेक्षा और अनदेखी का आरोप लगाया है। वहीं इस मामले में कांग्रेस जिला अध्यक्ष हरिहर प्रसाद यादव का भी बयान सामने आया है। उन्होंने संजीव गुप्ता पर पार्टी कार्यक्रमों में सहयोग नहीं करने और बैठकों में अनुपस्थित रहने का आरोप लगाया है।


गौरतलब है कि कुछ दिन पहले सूरजपुर जिले में भी कांग्रेस संगठन में असंतोष देखने को मिला था। यहां संयुक्त महामंत्री, महामंत्री और सचिव समेत 17 पदाधिकारियों ने एक साथ अपने पदों से इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफा देने वाले अधिकतर नेता पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव के समर्थक बताए जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि हाल ही में संगठन ने शशि सिंह को सूरजपुर जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। इसके बाद से टीएस सिंहदेव समर्थकों में नाराजगी बढ़ गई थी। नई जिला कार्यकारिणी घोषित होने के बाद कई नेताओं ने आरोप लगाया कि बड़े नेताओं से राय नहीं ली गई और सिंहदेव गुट के समर्थकों को संगठन में जगह नहीं दी गई। कार्यकर्ताओं का कहना है कि जिला अध्यक्ष और संगठन स्तर पर लगातार उनकी अनदेखी की जा रही थी। इस्तीफा देने वालों में पूर्व सांसद खेल साय सिंह की बहू का नाम भी शामिल होने से मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया है।







































