DURG NEWS. अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शनिवार को जिला न्यायालय दुर्ग में महिलाओं के सशक्तिकरण और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक गरिमामय सम्मान समारोह आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम माननीय छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, बिलासपुर के आदेश के पालन में आयोजित किया गया, जिसमें न्यायालय परिसर में कार्यरत महिला कर्मियों के योगदान को सराहा गया।

कार्यक्रम के दौरान जिला न्यायालय दुर्ग की वरिष्ठ महिला कर्मचारियों को उनके दीर्घकालीन सेवाकाल, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। इस मौके पर न्यायिक अधिकारियों ने महिला सशक्तिकरण और समानता के महत्व पर अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम में संबोधन देते हुए प्रथम व्यवहार न्यायाधीश, वरिष्ठ श्रेणी तथा चतुर्थ अतिरिक्त न्यायाधीश, दुर्ग ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए महिलाओं के अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, 2005 का उल्लेख करते हुए कहा कि यह कानून महिलाओं को घरेलू हिंसा से सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन जीने का अधिकार सुनिश्चित करता है।

वहीं सप्तदश व्यवहार न्यायाधीश, कनिष्ठ श्रेणी, दुर्ग ने इस वर्ष के महिला दिवस की थीम “GIVE TO GAIN” पर अपने विचार रखते हुए कहा कि समाज में सहयोग, संवेदनशीलता और परस्पर सम्मान की भावना से ही वास्तविक सशक्तिकरण संभव है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, दुर्ग ने अपने संदेश में कहा कि महिलाओं का सम्मान, सुरक्षा और समान अवसर सुनिश्चित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से समाज और न्याय व्यवस्था अधिक संवेदनशील और मजबूत बनती है। उन्होंने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का भी आह्वान किया।

इस अवसर पर जिला अधिवक्ता संघ, दुर्ग की महिला प्रतिनिधि ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं के सम्मान, अधिकारों और समान अवसरों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर है और अधिवक्ता समुदाय महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम के अंत में न्यायिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने महिला सम्मान और समानता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस दौरान महिला कर्मियों को गुलाब का फूल और चॉकलेट भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही महिला दिवस की थीम “GIVE TO GAIN” को दर्शाती आकर्षक रंगोली और हैंडक्राफ्ट डिजाइन भी बनाए गए तथा परिसर में सेल्फी जोन भी तैयार किया गया, जो कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा।




































