JAGDALPUR NEWS. नक्सलियों के ‘ब्रेन’ कहे जाने वाले दुर्दांत नक्सली गणपति को आखिरकार पुलिस ने नेपाल से गिरफ्तार कर लिया है। इस गिरफ्तारी को सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। गणपति की गिरफ्तारी से नक्सली संगठन को बड़ा झटका लगा है। वहीं, खबर है कि नक्सलियों की एक और टीम भी जल्द पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर सकती है।

जानकारी के अनुसार, गणपति नक्सल संगठन का शीर्ष नेता रहा है। वह पोलित ब्यूरो का सदस्य होने के साथ-साथ वर्ष 2004 से 2018 तक सेंट्रल कमेटी का सचिव भी रह चुका है। सुरक्षा बलों पर हुए कई बड़े हमलों में भी उसका नाम सामने आता रहा है।


गणपति लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल था और उसकी तलाश में अलग-अलग टीमें लगातार काम कर रही थीं। ऐसे में नेपाल से उसकी गिरफ्तारी को नक्सलियों के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

15 नक्सलियों के आत्मसमर्पण की संभावना
सूत्रों के मुताबिक, नक्सल संगठन के बड़े नेताओं के लगातार समर्पण से अन्य नक्सलियों का मनोबल भी टूट रहा है। इसी कड़ी में पूर्वी बस्तर डिवीजन कमेटी के डीवीसीएम स्तर के करीब 15 नक्सली भी आत्मसमर्पण कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि ये नक्सली हथियारों के साथ पुलिस के सामने सरेंडर कर सकते हैं। इस संबंध में पुलिस एक-दो दिनों में आधिकारिक जानकारी दे सकती है।





































