JANJGIR NEWS. छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिले के सुकली गांव में होली के दौरान एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने कथित तौर पर कोल्ड ड्रिंक में शराब मिलाकर तीन बच्चों को पिला दी, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई। बच्चों को उल्टियां होने लगीं, जिसके बाद परिजनों ने तुरंत उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

बताया जा रहा है कि सुकली गांव में होली के अवसर पर डीजे पर डांस का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान मोहल्ले के तीन बच्चे डांस देखने के लिए वहां पहुंचे थे। परिजनों के मुताबिक, इसी बीच गांव के एक युवक ने कोल्ड ड्रिंक में शराब मिलाकर बच्चों को पिला दी।

कोल्ड ड्रिंक पीने के कुछ देर बाद ही बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी और उन्हें उल्टियां होने लगीं। हालत बिगड़ते देख परिजनों ने तुरंत उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां तीनों बच्चों का इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच जारी है।






































