BILASPUR NEWS. c होली से पहले बड़ी सौगात देते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज ‘कृषक उन्नति योजना’ के तहत धान बोनस की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी। इस योजना के अंतर्गत प्रदेश के 25.28 लाख किसानों को कुल 10,324 करोड़ रुपये की राशि प्रदान की गई है। बोनस की यह बड़ी रकम किसानों के लिए त्योहार से पहले आर्थिक संबल साबित होगी।

इस अवसर पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने दिन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि प्रदेश के 25 लाख से अधिक किसानों के खातों में इतनी बड़ी राशि का जाना राज्य की कृषि अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के किसान न केवल प्रदेश बल्कि अन्य राज्यों और देश के लोगों का भी पेट भरने का कार्य कर रहे हैं।

बोनस राशि ट्रांसफर होने के बाद मुख्यमंत्री साय ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न जिलों के किसानों से संवाद भी किया। जगदलपुर की किसान बसंती ने बताया कि उनके खाते में 36 हजार रुपये आए हैं, जिनका उपयोग वे अपने परिवार के लिए करेंगी और इस बार होली अच्छे से मना सकेंगी।

कोरबा के किसान रामायण सिंह ने बताया कि उन्हें 53 हजार रुपये प्राप्त हुए हैं, जिससे वे घर निर्माण का काम करेंगे। वहीं जांजगीर के किसान समर्थ सिंह ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके खाते में 1 लाख 31 हजार रुपये की राशि आई है।

धान बोनस की इस बड़ी राशि से प्रदेश के अन्नदाताओं में उत्साह का माहौल है और माना जा रहा है कि इस बार किसानों की होली सच मायनों में खुशहाल होगी।




































