KAWARDHA NEWS. छत्तीसगढ़ में मादक पदार्थों की तस्करी बढ़ती जा रही है। पूरे प्रदेश में तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कबीरधाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 9 क्विंटल गांजा जब्त किया है। तस्कर ने कंटेनर में विशेष गुप्त चैंबर बनाकर अवैध खेप छिपा रखी थी, जिसे चिल्फी पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। पुलिस को सूचना मिली थी कि नागालैंड पासिंग एक कंटेनर के जरिए ओडिशा से राजस्थान की ओर भारी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है।

इसकी सूचना मिलते ही छत्तीसगढ़-मध्यप्रदेश सीमा पर स्थित चिल्फी थाना क्षेत्र में नाकाबंदी की गई और संदिग्ध कंटेनर को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहन में बनाए गए विशेष चैंबर से 30-30 किलो की 30 बोरियां बरामद हुईं। कुल वजन करीब 900 किलोग्राम बताया गया है। पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये है।

तस्करी में इस्तेमाल कंटेनर, जिसकी कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है, उसे भी जब्त कर लिया गया है। मौके से आयाज खान (निवासी भरतपुर, राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि खेप ओडिशा से राजस्थान ले जाई जा रही थी। पुलिस अब तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

कबीरधाम जिले के पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।




































